Tuesday, May 21, 2013

हवाईअड्डे की हड्डियाँ


व्यंग्य
हवाईअड्डे की हड्डियाँ
ब्रजेश कानूनगो

बचपन के वे दिन अक्सर याद आते हैं जब हम स्कूल में छुट्टी की घंटी बजने के बाद अपनी कॉपियों से पन्ने निकालकर हवाईजहाज बना-बना कर छत से उन्हे उडाया करते थे। जब तक वह हवा में बना रहता हम रोमांच से भरे होते थे। जब कभी वह नीम के पेड पर अटक जाता हमारी सांसे भी जैसे अटक जाती थीं। नीचे मैदान में पानी के नल के पास जो कुछ फर्शियाँ जडी थीं, वही हमारा एयरपोर्ट होता था। हर बच्चा इसी कोशिश में निशाना साधता था कि हवाई जहाज ठीक हवाईअड्डे पर ही उतरे,लेकिन अक्सर ऐसा होता नही था,कागज का प्लेन कहीं भी अपनी मर्जी से लेंड कर लिया करता था।बाद में आकाश में चीलगाडियों को देखते रहे।

हवाईजहाजों और विमानन को लेकर हमारे मन में जिज्ञासा और रोमांच का भाव बराबर बना रहा है । दादाजी  भी अक्सर गर्मियों में छत पर तारों को निहारते हुए कहानियाँ सुनाते थे..उन्होने ही सबसे पहले बताया था कि जब श्रीराम लंका विजय करके अयोध्या लौटे तब वे आकाश मार्ग से यात्रा करते हुए आए थे। इस यात्रा के लिए उन्होने पुष्पक विमान का उपयोग किया था। जाहिर है उनका विमान लंका से उडा होगा और अयोध्या में उसने लेंड किया होगा। यह तो हर कोई जानता है कि विमान को उडने और लेंड करने के लिए एक हवाईअड्डा जरूरी है।

जहाँ तक मेरी जानकारी है  अयोध्या के इतिहास में किसी प्राचीन एयरपोर्ट के अवशेष मिलने की कोई सूचना नही है लेकिन उधर श्रीलंका की रामायण रिसर्च कमेटी ने पता लगाया है कि उस जमाने में रावण के अपने हवाईअड्डे थे। एक नही बल्कि वह चार-चार हवाईअड्डों का मालिक था। सम्भव है श्रीराम के विमान ने रावण के उन्ही में से किसी एक हवाईअड्डे से उडान भरी होगी।  अब यह भी एक प्रश्न है कि अयोध्या में वह उतरा कहाँ होगा ? जिज्ञासा वाजिब है। इसका पता अवश्य लगाना चाहिए हमारे इतिहासकारों और शोधकर्ताओं को । श्रीलंका के शोधकर्ताओं से हम कोई कम तो नही हैं, जब हम राम के  वनगमन मार्ग और उनके यात्रा के पडावों को खोज सकें हैं तो यह भी मुश्किल नही है कि हम उस स्थान का पता न लगा सकें जहाँ अयोध्यावासियों ने विमान की सीढियों से उतरते प्रसन्नचित राम,जानकी और लक्ष्मण की ओर हाथ हिला-हिलाकर जोरदार स्वागत किया होगा। निश्चित ही दीवाली तो इसके बाद ही मनाई होगी सबने।

एक बात और जो कुलबुला रही है भीतर, वह यह है कि रावण तो राजा था वहाँ का और अगर हवाईअड्डे उसके खुद के थे तो निश्चित ही वे सरकारी हुए। सरकारी संस्थाओं की तत्कालीन स्थितियाँ क्या उस वक्त आज की तरह उतार पर रही होंगी जिसके कारण कालांतर में इस भूखंड से विमानन लुप्त हो गया। इसीतरह यदि हिन्दुस्तान के अयोध्या के बारे में विचार करें कि अगर यहाँ हवाईअड्डा रहा होगा तो बाद में वह किस गति को प्राप्त हो गया। यहाँ के विमानपत्तनम के पतन के पीछे क्या कारण रहे होंगे? क्या राजकीय भरत एयरलाइंस के बढते घाटे से परेशान होकर  सम्राट ने अनुबन्धित सेवाओं के नाम पर उस जमाने के व्यापारियों ,सौदागरों को इसका संचालन सोंप दिया था । बाद में संचालकों द्वारा भस्मासुरी सेवाएँ जारी रखने के लिए कर्ज तथा अन्य सुविधाएँ मांगने पर सम्राट ने अपने हाथ खींच लिए हों। शायद इस तरह हमारी प्राचीन विमानन सेवाएँ तहस-नहस होकर इतिहास का हिस्सा बन गई होंगी। समय की गर्त में दबे इसी इतिहास की खोज होना चाहिए। श्रीलंका में तो इसकी शुरुआत हो भी गई है, हमारे यहाँ किस बात की देर है भाई !

ब्रजेश कानूनगो
503,गोयल रिजेंसी,चमेली पार्क,कनाडिया रोड, इन्दौर-452018 

Saturday, March 2, 2013

सभागार


सभागार
ब्रजेश कानूनगो

कविता की पंक्तियाँ गूँजती है जिस वक्त
कहीं किसी कोने में कुमार गन्धर्व के स्वर
और यासीन खाँ की जलतरंग की ध्वनि को भी
महसूस करता है सभागार

बिरजू महाराज की थिरकन से स्पन्दित है सभागार का धरातल

गुलाब और गुलदावदी की बहार बिखरी है कई बार यहाँ
स्वागत के फूलों की सुगन्ध
और बिदाई की नमी
मौजूद है सभागार में

बहसों के घमासान में चली गोलियों के निशानों से
छलनी है सभागार की दीवारें
न जाने कितने हुसैनों की कूँचियों ने
कोशिश की है घावों को मिटाने की भरसक 

प्रहसनों के बीच हँसा है
तो तीजन बाई के साथ रोया है सभागार
पता है उसे बाजीगरों की सफाइयाँ
और राजनेताओं की चालाकियाँ भी

कठिन सवाल हल किए गए हैं यहाँ
सहज प्रश्नों को बनाया गया है दुसाध्य
दान किए अधिकारों की गणना के बाद
घोषित किया देश का भविष्य यहाँ से

सभागार को पता है कि
राष्ट्र नायकों की ललकारों और संतों की वाणी ने
जगाया है यहाँ कितने लोगों को

इतनी लचीली है सभागार की प्रकृति
कि घंटे-घंटे में बदल जाती है उसकी धडकन

यह बहुत अच्छा है कि सभागार मनुष्य नहीं है
भूलने-बदलने और मिटा देने का अवसर नहीं है उसके पास।

                                                               







Thursday, February 28, 2013

प्लास्टिक के पेड


प्लास्टिक के पेड
ब्रजेश कानूनगो

फिल्मों में देखे पेरिस या सिंगापुर सा
लगता है चौराहा रात को  

रोशनी के पेड जगमगाते हैं
चमकते हैं रंगबिरंगे फूल और पत्तियाँ
इन्द्रधनुष पसर जाता है चौराहे के आसपास

सांझ के उल्लास और रात के यौवन की पोल
खुलती है सूरज के उजाले में
गमगीन नजर आते हैं प्लास्टिक के पेड
शोकसभा में उपस्थित लोगों की तरह

खामोश फव्वारे के जलकुंड में तैरती हैं उदास बतखें

महसूस नहीं करती कोई सिहरन
हरे,पीले,केसरिया और लाल पत्तों को छूकर गुजरती पुरवाई
सूखी पत्तियों का संगीत गूंजता नही हवाओं के साथ
कोंपलों के जन्म का सुख कभी महसूस ही नही होता
इन अभागे पेडों को

तितलियाँ कर लेती हैं दूर से किनारा
और कोयल तो चली गई है किसी बियाबान में

टपकती थी कभी मिठास खजूर से
ऊंचे पेड पर अब चमकते हैं फल
चमकते हैं जैसे बाजार के ग्लोसाइन बोर्ड

चलन के मुताबिक
सजता है बाजार रात के अन्धेरे में
नगरवधुओं की तरह तरोताजा होकर
दु:खों को रोशनी के मेकअप से छिपाते हुए
प्रस्तुत होते हैं प्लास्टिक के पेड। 

           



Wednesday, February 27, 2013

बच्चे का चित्र



बच्चे का चित्र
ब्रजेश कानूनगो

अपने में ही डूबा नन्हा बच्चा बना रहा है एक चित्र

इतना तल्लीन है कि
स्पीकरों पर चीख रही चौपाइयाँ
बाधा नही डाल रही उसके काम में

उसे कोई मतलब नहीं है इससे कि
कितने मारे गए तीर्थ स्थल की भगदड में
और कितनों को घोंप दिया गया है छुरा
वित्त मंत्रालय द्वारा
उसे पता नहीं है
कब अपना समर्थन वापिस ले लेंगे सांसद
और कब गिर जाएगी सरकार

घटनाओं और दुर्घटनाओं से बेखबर बच्चा
बना रहा है कोई नदी,
झील भी हो सकती है शायद
एक नाव – जिसे खै रहा है कोई धीरे-धीरे

किनारे पर बनाई है एक झोपडी
जिसकी खपरैल से निकल रहा धुँआ
महसूस की जा सकती है हवा में
सिके हुए अन्न की खुशबू 

खजूर का एक पेड उगा है चित्र में
उड रहे हैं कुछ पक्षी स्वच्छंद
अटक गया है शायद आधा सूरज पहाडियों के बीच 

देखिए जरा इधर तो
निकल पडे हैं कुछ लोग कुदाली फावडा लिए
निकाल लाएँगे अब शायद सूरज को बाहर
पहाडियों को खोदते हुए
चढ जाएँगे खजूर के पेड के ऊपर
और बिखेर देंगे धरती पर मिठास के दाने

नन्हा बच्चा बना रहा है चित्र
जैसे बनती है जीवन की तस्वीर
दुनिया के कागज पर

ब्रजेश कानूनगो
503,गोयल रिजेंसी,चमेली पार्क,कनाडिया रोड,इन्दौर-452018 

Thursday, February 21, 2013

धमाके के बाद


धमाके के बाद
ब्रजेश कानूनगो

यह जो हाथ गिरा है
आँगन में अभी-अभी

वही हाथ है
जो घंटी बजाने के बाद
दे जाता है दूध की कुछ बोतलें
हरी सब्जी दे जाता है
तराजू में तौलकर प्रतिदिन

अखबार को चुपचाप खिसकाकर
पहुँचा देता है हम तक
दुनिया की घटनाएँ

यह वही हिस्सा है शरीर का
उडेल देता है जो ममता
बढा देता है हौंसला परेशानियों के समय

तपती दोपहर में यही बढाता है
एक गिलास ठंडा पानी हमारी ओर

कल ही तो खोद रहा था यह पहाड
बो रहा था बीज खेतों में
घूम रहे थे पहिए इसी की मदद से
पहचाना जा सकता है धुन्धलके में भी
जीवन से अलग कर दिए गए
हमारे इस हिस्से को।  

Wednesday, February 20, 2013

भरी बरसात में बेवजह मुस्कुराती लडकी


भरी बरसात में बेवजह मुस्कुराती लडकी
ब्रजेश कानूनगो

इतनी थी बारिश कि घर लौटते हुए
मुश्किल हो रहा था इधर-उधर देखना

तभी अगली गली से निकल कर एक स्कूटर अचानक
दौडने लगा मेरे स्कूटर के साथ-साथ
जिसकी पिछली सीट पर बैठी थी वह लडकी
मूर्ति की तरह भीग रहा था जिसका शरीर

अचानक मुस्कुराने लगी लडकी मुझे देखकर
बारिश की तरह रुकता ही नही था उसका मुस्कुराना

अचरज की बात यह कि
बरसाती टोपी और लम्बे कोट में छुपे मुझको
पहचान लिया उसने भरी बरसात में

शायद रहती हो मेरे घर के आस-पास
कॉलेज की पुरानी कोई सहपाठी
पत्नी की सहेली
या टीचर रही हो बेटी की

बौछरों को भेदते हुए
पहुँच रही थी मुझ तक उसकी मुस्कुराहट

हो सकता है
घूम गया हो उसका सिर किसी सदमें से
और निकल रहा हो दु:ख
मुस्कुराहट बनकर

जब गूँजता है कोई शोक गीत अन्दर
होठों पर यूँ ही आ जाती है हँसी यकायक
कहीं जा तो नही रही किसी रिश्तेदार के साथ
इसी हँसी का इलाज करवाने

सोचता हूँ वह बीमार ही रही होगी
जो मुस्कुराती रही लगातार अपने दु:ख में
सुखी आदमी कहाँ मुस्कुराते हैं राह चलते।

अस्पताल की खिडकी से


अस्पताल की खिडकी से
ब्रजेश कानूनगो

कैसा होगा वहाँ ?
दूर दिखाई देती पहाडी के पीछे
सूरज निकलता है रोज जहाँ से

एक नदी होगी शायद
झरना भी हो सकता है
जो गिरता होगा पहाडी के ऊपर से
धरती पर गहरा गड्ढा हो गया होगा
पिकनिक मनाने आए बच्चों को
उधर जाने से रोक रहे होंगे दादाजी हाँक लगाते हुए

धान का खेत होगा पहाडी के पीछे
सतरंगे वस्त्रों को कमर में खोंसकर औरतें
रोप रहीं होंगी हरे पत्तेदार पौधे
गुनगुनाते हुए

देवी का मन्दिर होगा पहाडी की चोटी पर
तलहटी से सैकडों सीढियाँ पहुंचती होंगी वहाँ
एक दीप स्तम्भ होगा
और रात को रोशनी बिखर जाती होगी चारों ओर
एक बडा घंटा कुछ नगाडे रखे होंगे
आरती के वक्त बजाया जाता होगा जिन्हे

सडक बन रही होगी
काली टंकियों में पिघल रहा होगा तारकोल
चक्के पर घूम रहे डमरू में खडखडा रही होगी गिट्टियाँ
रोड रोलर के इंजिन की आवाज बदल रही होगी लोरी में
बबूल की छाया में बंधी झोली में सो रहा होगा कोई बच्चा
शोरगुल के बीच 

तमाम जीवित ध्वनियाँ उपस्थित होंगी वहाँ
जो नहीं है अस्पताल में खिडकी के पास लगे पलंग के आस-पास ।